रुड़की रोड स्थित पॉश राजन कुंज कॉलोनी के मकान नंबर 107 में शनिवार शाम बिजली विभाग के रिटायर्ड एसडीओ प्रदीप शर्मा के मकान में जबरदस्त धमाके के बाद भीषण आग लग गई।
आग में नौकरानी बीना पत्नी प्रमोद निवासी सोफीपुर मोदीपुरम जिंदा जल गई, जबकि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग का कारण फ्रिज और एसी का कंप्रेसर फटना बताया गया। फोरेंसिक टीम इसकी जांच कर रही है।
पल्लवपुरम थाना पुलिस के अनुसार रिटायर्ड एसडीओ प्रदीप शर्मा की मौत हो चुकी है। एक बेटा गुरुग्राम में जॉब करता है। शनिवार को प्रदीप की पत्नी उमा बेटे से मिलने गुरुग्राम गई हुई थीं। घर पर सिर्फ नौकरानी बीना थी। शाम करीब चार बजे मकान में दो बार तेज धमाके हुए, जिसके बाद आग लग गई।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मकान की दूसरी मंजिल से बुरी तरह झुलसी मिली नौकरानी को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि मकान की रसोई में फ्रिज और गैलरी में एसी लगा था। माना जा रहा है कि दोनों दोनों के कंप्रेशर फटने से यह हादसा हुआ। बाकी फोरेंसिक टीम अपनी रिपोर्ट देगी।