शामली में दिल्ली-सहारनपुर बस स्टैंड पर मार्केट में टेलरिंग और मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में रात को लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे दुकानदार और आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच दुकान में रखा सिलिंडर फट गया। जिससे पड़ोसी और एक सभासद बुरी तरह झुलस गए। बाद में फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
कस्बे के शामली बस स्टैंड के सामने स्थित राणा मार्केट में कुतुबगढ़ निवासी रामपाल की टेलरिंग की दुकान है। इसी दुकान में रामपाल मोबाइल रिचार्ज और रिपेयरिंग का भी कार्य करता है। बुधवार सुबह करीब चार बजे टहलने के लिए जा रहे लोगों ने मार्केट से धुआं निकलता देख दुकान मालिक को आग की सूचना दी। परिजनों और अन्य लोगों ने आग पर पानी डालकर काबू पाने का प्रयास किया। इस बीच अभिषेक राणा ने अपनी दुकान से फायर सिलिंडर से आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसी बीच दुकान में रखा रसोई गैस सिलिंडर फट गया, जिससे आग बुझाने में लगे अभिषेक व सभासद टीटू शर्मा झुलस गए। दोनों को शामली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते अभिषेक को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: बॉयलर फटने से भीषण धमाका, जगन्नाथपुरी में मची चीख पुकार, देखें ये 7 तस्वीरें
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। रामपाल ने बताया कि शादियों का सीजन होने के कारण दुकान में महंगे कपडे़, 12 से अधिक मशीनें, मोबाइल रिपेयरिंग के लिए रखा लैपटॉप, उपकरण, मोबाइल आदि कीमती सामान जलकर राख हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/