बिजली समस्या के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
सरधना। किसानों की बिजली की समस्या को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर नानू बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने करीब दो घंटे तक मेरठ-करनाल हाईवे भी जाम रखा। सड़क पर वाहनों की लाइन लग गई। वहीं वाहन दूसरी साइड से निकले। सूचना पाकर मौके पर तहसीलदार पुलिस के साथ पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
भाकियू के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी व तहसील अध्यक्ष अशफाक जैनपुर के नेतृत्व में शुक्रवार को भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता नानू स्थित 33/11 केवीए बिजलीघर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लगातार तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति की समस्या, रसीद काटे जाने के बावजूद मीटर नहीं लगवाए जाने समेत अन्य कई मांगों को लेकर हंगामा किया। बिजलीघर पर किसी सक्षम अधिकारी के नहीं मिलने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने मेरठ-करनाल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। जाम लगने की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।
भाकियू जिलाध्यक्ष ने एक विद्युत लाइनमैन को भी हटवाने की मांग व अन्य समस्याओं को लेकर तहसीलदार अवनीश कुमार को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने मामले की जांच कराकर ज्ञापन पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद हाईवे से जाम खोला गया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष असफाक जैनपुर, कामिल, सतीश कुमार, अनुज त्यागी आदि मौजूद रहे।