जानीखुर्द। भारतीय किसान यूनियन की बैठक में शामिल किसान फोटो संवाद
जानीखुर्द। भाकियू की जनपदीय प्रशिक्षण बैठक भोला झाल पर मंगलवार को संपन्न हुई। जगपाल जाटोली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदर व सरधना तहसील क्षेत्र के लगभग 120 गांवों के ग्राम अध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
मुख्य प्रशिक्षक एवं जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने संगठन विस्तार की रणनीतियों पर मंथन किया और सरकार की किसान विरोधी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कमिश्नरी घेराव के दौरान अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अनुराग चौधरी ने बताया कि बिजली लोड की जांच कराने के इच्छुक किसान दो दिनों के भीतर अपना नाम और कनेक्शन नंबर तहसील अध्यक्ष मोनू टिकरी व देशपाल के पास जमा करा दें। खाद समितियों द्वारा वसूले जा रहे अतिरिक्त ब्याज संबंधी साक्ष्य भी जमा किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने आगामी पेराई सत्र से पूर्व गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की। गन्ना मूल्य वृद्धि के लिए किसानों ने खेत आंदोलन, रेल रोको आंदोलन, जिला कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना या 72 घंटे के सांकेतिक आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, मोनू टिकरी, बबलू, मेजर, रामफल, हरीश, अनुज, सुरेंद्र, देशपाल, रामबोस, विनेश, बिट्टू, हरबीर, वीरपाल आदि किसान मौजूद रहे।