जनपद मेरठ के किसान भाकियू जिलाध्यक्ष डॉ. अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों गाड़ियों, महिंद्रा पिकअप, छोटे हाथी में सवार होकर काशी टोल प्लाजा पर पहुंचे।
इस दौरान युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत भी पहुंच गए। कुछ कार्यकर्ताओं और किसानों के इंतजार के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं ने मेरठ एक्सप्रेस वे पर बीचो-बीच पल्ला बिछा लिया। इसके बाद किसानों को लेकर गौरव टिकैत भी बैठ गए। इस दौरान किसानों ने हुक्का सुलगा लिया और हाईवे पर ही अपने वाहन खड़े कर दिए।
कुछ कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा की दिल्ली जाने वाली सभी टोल लाइनों पर से बूम हटा दिए और टोल फ्री करा दिया, जिससे ट्रैफिक अव्यवस्थित हो गया। उसके बाद चौधरी गौरव टिकैत के निर्देश पर जिलाध्यक्ष डॉ.अनुराग चौधरी ने सभी को समझाया और फिर अपने साथ लेकर दिल्ली रामलीला ग्राउंड के लिए रवाना हो गए।
टोल पर हंगामा करते कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
रामलीला मैदान के लिए किसानों ने किया कूच
रामलीला मैदान पर संयुक्त मोर्चा की पंचायत में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर जनपद से किसानों ने कूच किया। जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में किसान रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुपर फास्ट ट्रेन में सवार होकर किसान दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उधर, बायवाला और वाया शामली होते हुए भी जिले के किसान दिल्ली रवाना हुए हैं।
गाड़ियों से निकले कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेन से दिल्ली पहुंचेंगे कार्यकर्ता
सहारनपुर के भाकियू के राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार ने बताया कि जनपद से एक हजार कार्यकर्ताओं ने दिल्ली कूच करने की तैयारी की। नानौता और रामपुर मनिहारान विकासखंड के कार्यकर्ता ट्रेन से वाया शामली दिल्ली पहुंचेंगे।
नागल, देवबंद आदि क्षेत्रों के कार्यकर्ता ट्रेन से वाया मेरठ दिल्ली जाएंगे जबकि बडी संख्या में किसान अपने वाहनों से भी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि बिजली अधिनियम को वापस लेने, लखीमपुर खीरी घटना के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने, किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने सहित मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली में किसान महापंचायत का आयोजन कर रहा है।