15 तक कब्जा न हटने पर मंडलायुक्त कार्यालय में दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। तहसील क्षेत्र के गणेशपुर माजरा हजरतपुर में सरकारी नाली पर अवैध अतिक्रमण को हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाकियू (स्वाभिमान) ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अक्तूबर तक नाली को कब्जा मुक्त कराकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 16 अक्तूबर को मेरठ मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका जाएगा।
उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को दिए ज्ञापन में प्रदेश अध्यक्ष अमित त्यागी और पीड़ित किसानों ने बताया कि गांव गणेशपुर के माजरा हजरतपुर में स्थित सरकारी नाली से आसपास के किसान अपनी फसलों की सिंचाई करते आ रहे हैं। आरोप है कि गांव के ही दबंग ने पहले सरकारी नाली के करीब 50 प्रतिशत हिस्से को जोतकर अपने खेत में मिला लिया था और बीच में सफेदे के पेड़ लगा दिए थे।
तहसील प्रशासन से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर बीते बुधवार को आरोपी ने पूरी नाली को जोतकर अपने खेत में शामिल कर लिया, जिससे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। किसानों ने एसडीएम से राजस्व विभाग की टीम भेजकर नाली की पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने और पेड़ कटवाकर सिंचाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। इस दौरान अमित त्यागी, प्रदीप, राजकुमार, कुलदीप सहित कई किसान मौजूद रहे।