संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर (मेरठ)। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने रविवार को गांव छुछाई में पीडीए की चौपाल के दौरान कहा कि भाजपा सरकार में 11 साल से देश के 80 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। केंद्र व प्रदेश की सरकार भारत के विश्व गुरु होने का दंभ भर रही है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है और देश को खंडित करना चाहती है, जबकि सपा भागीदारी के हिसाब से हिस्सेदारी की पक्षधर है।
भाजपा, आरएसएस और कुछ कथित साधू-संतों के माध्यम से धार्मिक कार्यक्रमों की आड़ में अपना प्रचार-प्रसार करा रही है। विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट धार्मिक स्थलों को यथावत रखने का आदेश देता है और भाजपा मस्जिदों के नीचे मंदिर तलाश रही है। जातिवाद, छूआछूत चरम पर है। देश के दलित मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंका जाना इसका उदाहरण है। दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों को आरक्षण से वंचित किया जा रहा है। भाजपा अत्याचार, भ्रष्टाचार और भेदभाव की राजनीति कर रही है। जबकि सपा प्रदेश में विकास, भाईचारा बहाली चाहती है। पाखंड और अंधविश्वास को बढ़ावा देने, रोजगार के बजाए राशन देने का काम चल रहा है। शिक्षा, चिकित्सा, इंफ्रास्ट्रक्चर सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार विपक्ष को खत्म कर तानाशाही करना चाहती है। उन्होंने शोषित-वंचितों से एक होने की अपील की जिससे अत्याचारी सरकार से मुक्ति मिल जाए। कार्यक्रम में पूर्व सांसद कादिर राणा, पूर्व आईएएस आदर्श कुमार, कुंवर देवेंद्र सिंह ने भी विचार रखे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी और संचालन शमीम अहमद ने किया।
इस मौके पर प्रधान खालिद, नूरुल्ला खां, प्रधान अकबर, तिलकराम, अमित कालिया, बरन सिंह, संजय, रामबीर, दिनेश, लीलू, महाराज सिंह, जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर प्रमोद त्यागी, अब्दुल्ला राणा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांव छुछाई में सपा के पीडीए चौपाल कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी और अन्य नेता