लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर पत्रकारों से वार्ता में राजभर ने कहा कि भाजपा बड़ी पार्टी है, एससी-एसटी विधेयक को लेकर सोच समझकर ही कदम उठाया होगा। सहारनपुर में चंद्रशेखर को छोड़ने के पीछे भी कुछ सियासी चाल होगी, लेकिन ये दोनो ही दांव भाजपा पर उल्टे पड़ते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार और समाज में अराजकता को नेताओं की गलत सिफारिशों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सारी खुराफात की जड़ नेता है, नेता सुधर जाए तो यह देश सुधर जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सभी दलों के नेताओं से बात होती है, लेकिन भाजपा से गठबंधन इसी तरह चलता रहेगा। जिन मामलों में भाजपा से मेल नहीं खाता उनका विरोध किया जाता है। वह ऐसे मंत्री हैं, जो सरकार में रहते हुए गलत बात का विरोध करते हैं। हाल ही में मुरादाबाद में भाजपा के एक बड़े नेता ने बयान दिया कि देश में हिंदू खतरे में है। अब किसी मुगल या अंग्रेज का राज तो है नहीं, भाजपा का ही राज है, ऐसे में हिंदू खतरे में है तो सुरक्षित कब होगा। आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे देश का आर्थिक सर्वे होना चाहिए, जो गरीब है उसे आरक्षण का लाभ मिले, उसकी जाति कोई भी क्यों न हो।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश के दिव्यांग जन रोडवेज में वहीं तक यात्रा कर सकेंगे जहां तक यूपी रोडवेज जाती है। ट्रेन में भी अब स्लीपर के साथ एसी थर्ड में लोअर बर्थ पर यात्रा कर सकेंगे। रेल मंत्री ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए है। पेंशन 300 से 500 कर दी है। सात साल से कम उम्र के दिव्यांगों के ऑपरेशन के लिए सरकार अब छह लाख देगी। अब तक 72 बच्चों के ऑपरेशन हुए और सभी सफल रहे। दिव्यांगों के 16 विद्यालयों में भोजन के 1200 के स्थान पर दो हजार प्रतिमाह कर दिए है। मनोरोगी बच्चों को जिलास्तर पर सर्वे कराकर डाक्टरों की टीम जनपदों में पहुंचकर सर्टिफिकेट जारी करेगी।
पिछड़ी जाति के बच्चों को मिलेगा प्रति पूर्ति शुल्क
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछड़ी जाति के बच्चों को छात्रवृत्ति और प्रतिपूर्ति शुल्क नहीं देने पर उन्होंने विरोध किया। परिणाम यह हुआ कि अब प्रदेश में पिछड़ी जाति के सभी बच्चों को छात्रवृत्ति मिलेगी। 50 प्रतिशत से अधिक नंबर लाने वालों को प्रतिपूर्ति शुल्क भी मिलेगा। प्रदेश के 16 कॉलेजों में जहां एससी के बच्चों को आईएएस, पीसीएस की फ्री कोचिंग कराई जाती है, अब 27 प्रतिशत पिछड़ों को भी मौका मिलेगा। ओबीसी के दो लाख बच्चों को कंप्यूटर ट्रेनिंग दी जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/