यूपी के देवबंद में भाजपा विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह को जान से मारने की धमकी देने वाला ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मचा हुआ। ऑडियो को लेकर स्थानीय पुलिस पूरी तरह अंजान है। जबकि खुफिया विभाग इस मामले में शासन को अपनी रिपोर्ट भेज चुका है।
रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया विधायक को जान से मारने की धमकी भरा ऑडियो चर्चा का विषय बना रहा। वायरल हुआ यह ऑडियो 42 सेकेंड का है। इसमें युवक अपना नाम बताते हुए विधायक कुंवर ब्रिजेश के प्रति अपशब्दों का प्रयोग कर रहा है।
साथ ही रणखंडी गांव में घुसने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। विधायक द्वारा बीते दिन रणखंडी गांव के 90 प्रतिशत लोगों के साथ होने वाले बयान पर ऑडियो में व्यक्ति कह रहा है कि अगर उनके साथ इतने लोग हैं तो वह गांव में आकर दिखाएं। ऑडियो वायरल होने के बाद खुफिया विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
धमकी देने वाला व्यक्ति पिछले काफी दिनों से विधायक और ग्रामीणों के बीच चल रहे विवाद से काफी खफा है और वह लगातार सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के साथ ही ऑडियो वायरल कर रहा है। कहा जा रहा है कि उक्त व्यक्ति रणखंडी गांव का रहने वाला है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/