मेरठ। जागृति विहार सेक्टर आठ से भाजपा पार्षद का बेटा संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं लगा। भाजपा पार्षद ने मेडिकल थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर छात्र की तलाश कर रही है। सोमवार को छात्र के परिजन मेडिकल थाने पहुंचे और बरामदगी की मांग की।
मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर आठ निवासी समीर सिंह चौहान भाजपा से वार्ड 14 के पार्षद हैं। उनका बेटा नितिन चौहान (17) नोबेल पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 में पढ़ता है। 18 जुलाई की शाम को नितिन अपने घर से जागृति विहार सेक्टर-3 में ट्यूशन पढ़ने गया था। दो घंटे बाद ट्यूशन की शिक्षिका ने परिजनों को फोन करके कहा कि आपका बेटा आज ट्यूशन नहीं आया है। इसके बाद नितिन की खोजबीन शुरू की गई। उसका पता नहीं चलने पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। छात्र के पिता समीर सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि नितिन मोबाइल पर कम ही बात करता था। वह अधिकांश समय मोबाइल घर पर ही छोड़कर जाता था। उसका मोबाइल घर पर ही मिला। इंस्पेक्टर मेडिकल प्रशांत मिश्र का कहना है कि छात्र की तलाश की जा रही है।
वर्जन
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल थाना पुलिस को छात्र की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए हैं। - डॉ. एएन सिंह, एसपी सिटी