परीक्षितगढ़। नगर के मोहल्ला पूठी दरवाजा में बुधवार शाम बाइक सवार आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने एक युवक के घर पर पहुंचकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पीड़ित ने आधा दर्जन से ज्यादा युवकों के खिलाफ नामजद व अज्ञात में तहरीर दी है।
मोहल्ला पूठी दरवाजा निवासी जगवीर पुत्र प्रेमराज ने तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब 6:00 बजे बाइक सवार आधा दर्जन से ज्यादा युवक लाठी डंडे, तमंचे व पिस्टल के साथ उसके घर पर पहुंचे और तमंचा लगाकर गौरव से अभिषेक का नाम पूछा। वह किसी तरह उनसे छूटकर भागने लगा। हमलावरों ने उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ गए। लोगों को आते देख हमलावार जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमलावरों में कुछ आपराधिक किस्म के युवक भी शामिल थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से जानकारी ली। पीड़ित जगवीर ने छह लोग नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।