मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन बच्चों का पिता मोमिन चौहान पर 17 साल नाबालिग के अपहरण का केस दर्ज किया गया है। आरोपी खुद को यूडीएफ (सेकुलर) पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष होने का दावा करता है। वहीं, किशोरी का एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ है। इसमें किशोरी स्वेच्छा से आरोपी के साथ जाने की बात कह रही है।
भावनपुर थाने पर किशोरी की मां ने आरोपी मोमिन चौहान के खिलाफ बेटी का अगवा कर लेकर जाने का आरोप लगाया है। बताया कि उसकी 17 साल की बेटी पड़ोसी आरोपी मोमिन के यहां छह महीने से घरेलू काम करती थी। बुधवार को आरोपी उसकी बेटी को अगवा कर ले गया। मुकदमा दर्ज होने पर आरोपी ने किशोरी का एक वीडियो वायरल किया है। इसमें किशोरी कह रही है कि उसकी मां ने उसे बहन-बहनोई के पास लोनी भेज दिया था।
किशोरी का आरोप है कि बहनोई उसे 50 हजार में बेचना चाहते थे। उसने स्वेच्छा से आने और बालिग होने की बात कही है। एसपी देहात राकेश मिश्रा का कहना है कि किशोरी की मां की ओर से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। वीडियो की सत्यता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसा भी हो सकता है कि आरोपी ने डरा धमका कर किशोरी की वीडियो बनाई हो।