संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंध के बावजूद दोपहिया वाहन चालक धड़ल्ले से दौड़ते हुए हादसे का शिकार हो रहे हैं। रविवार को एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से मेरठ आ रहे दंपती की बाइक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में दिल्ली निवासी अविनाश और उनकी पत्नी गुनगुन व पुत्री शावी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग की टीम ने एंबुलेंस से तीनों को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया।
दिल्ली के अशोकनगर निवासी अविनाश अपनी पत्नी गुनगुन और आठ वर्षीय बेटी शावी के साथ रविवार रात मेरठ दिल्ली एक्सप्रेसवे से मेरठ आ रहे थे। काशी टोल प्लाजा के पास अचानक बाइक का टायर फट गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। दंपती और बच्ची सड़क पर गिर गए। हादसे में अभिनव का पैर टूट गया जबकि गुनगुन और शावी को सिर में गंभीर चोट आई है। घटना को देखकर वाहन चालकों ने एनएचएआई कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना दी। मौके पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम पहुंची और तीनों को एंबुलेंस बुलाकर सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया।
-
दोनों तरफ तैनात पुलिसकर्मी फिर भी दौड़ रहे दोपहिया वाहन
मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने गाजियाबाद डीएमई प्वाइंट काशी टोल प्लाजा पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। बावजूद इसके दोपहिया वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर वाहनों को दौड़ा रहे हैं। दो पहिया वाहन चालक भी समय बचाने और जाम से बचने के प्रयास में एक्सप्रेसवे पर चढ़कर हादसों का शिकार हो रहे हैं।