मोहल्ला हीरालाल में मकान के बाहर फायरिंग करता युवक सीसीटीवी में कैद। (स्त्रोत पीडित) मवाना।
मवाना। मोहल्ला हीरालाल में अजमल के मकान पर बाइक पर सवार तीन युवकों ने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग करने वाले आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए। इससे परिवार के लोग दहशत में हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अजमल ने तहरीर में बताया कि 7 जुलाई की रात 11:30 बजे के आसपास बाइक पर सवार नकाबपोश तीन युवक आए। युवक हाथों में हथियार लिए हुए थे। तीनों आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए उसके मकान पर कई राउंड फायर किए। फायरिंग करने वालों में एक गांव पाली, दूसरा निडावली और तीसरा अज्ञात है।
फायरिंग की आवाज से मोहल्ले में दहशत का माहौल हो गया। लोगों को एकत्र होते देख तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग गए। फायरिंग की घटना से अजमल का परिवार दहशत में है। पीड़ित ने दंबगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने व उसकी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।