परीक्षितगढ़। मेरठ निवासी एएनएम स्कूटी से परीक्षितगढ़ सीएचसी पर डयूटी पर जाते समय खजूरी मिशन के समीप पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर फोन झपटकर फरार हो गए। पीड़िता ने थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
रामनगर हापुड़ अड्डा मेरठ निवासी ज्योति सिंघल परीक्षितगढ़ सीएचसी के अंतर्गत नवल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम के पद पर कार्यरत है। सोमवार को ज्योति स्कूटी पर सीएचसी जा रही थी। मेरठ-परीक्षितगढ़ रोड पर खजूरी मिशन के पास पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक कर झपट्टा मारकर एएनएम का मोबाइल लेकर कस्बे की तरफ फरार हो गए। एएनएम स्कूटी से गिरने से बाल-बाल बची। एएनएम ने थाने में बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बताया गया कि हलका दरोगा ने एएनएम पर गुमशुदगी की तहरीर देने का दबाव बनाया। पीड़िता कई घंटे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगाती रही। बाद में पुलिस ने मोबाइल गुम होने की रिपाेर्ट दर्ज की है।