- पुलिस को सौंपा, शांति भंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदलने के बाद बिजनौर निवासी एक युवक रविवार रात अपनी प्रेमिका से मिलने नवाबगढ़ी गांव पहुंच गया। युवती के परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस युवक को थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार बिजनौर निवासी समीर का नवाबगढ़ी गांव की एक युवती से पिछले करीब तीन वर्षों से संपर्क था। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। रविवार रात युवक युवती से मिलने गांव पहुंचा। इसी दौरान परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने उसे पकड़ लिया। युवक के गांव में पकड़े जाने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने युवती से परिचय और संपर्क होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आवश्यक कार्रवाई की।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवक की पहचान समीर निवासी बिजनौर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। युवक का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया है।