सरधना। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग की गंग नहर पटरी पर बृहस्पतिवार की देर रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को कुचल दिया। इनमें से मौके पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद रोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, गांव डाबका निवासी मुकुल (23) अपने साथी सौरभ (24) के साथ सरधना से अपनी बाइक पर सवार होकर पूठ पुल की ओर जा रहा था। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव भलसोना से आगे पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। सड़क हादसे की सूचना पर रोहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवाया। जबकि घायल मुकुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सड़क हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।