धामपुर में जूस लेने निकली युवती को ई-रिक्शा चालक पर जंगल ले जाने का आरोप। पीड़िता की मां ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म का आरोप सामने आया है। आरोप है कि जूस लेने के लिए घर से निकली युवती को मोहल्ले का एक ई-रिक्शा चालक बहला-फुसलाकर जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
जूस लेने निकली थी युवती, जंगल ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी पुत्री 30 जुलाई की रात करीब आठ बजे जूस लेने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान मोहल्ले का एक युवक उसे अपने ई-रिक्शा में बैठाकर दुकान की बजाय जंगल की ओर ले गया। परिजनों का आरोप है कि वहां आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह युवती को मोहल्ले के पास छोड़कर फरार हो गया।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी घटना
परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद युवती ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार देर रात ही कोतवाली पहुंचा और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। परिवार ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।