यूपी की बिजनौर पुलिस ने वाहन चोरों के एक गैंग को दबोच लिया है। गैंग से चोरी की 11 बाइक बरामद की गई हैं। गैंग उत्तराखंड और आसपास के राज्यों से बाइक चोरी करता है। गैंग का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक, नगीना देहात पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक चोरी करने वाले एक गैंग को दबोचा है। पकड़े गए गैंग में कोतवाली देहात थाने की रहीमुल्ल्ला कॉलोनी निवासी खुर्शीद, नगीना थाने के गांव बिंझाहेड़ी निवासी प्रधुम, कोतवाली देहात के मोहल्ला बिलाल बस्ती निवासी आशु शर्मा, कोतवाल देहात की आदर्श कॉलोनी निवासी बंटी शामिल हैं। गैंग का एक सदस्य यामीन उर्फ शहजाद मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने चारों बदमाशों के कब्जे से चोरी की चार बाइक मौके पर बरामद कीं। गैंग की निशानदेही पर पुलिस ने उत्तराखंड की सीमा से सटी खो नदी के किनारे खंडहर में गन्ने की पत्ती में छिपाकर रखी गईं सात बाइक बरामद कीं।