ट्रक की चपेट आकर बालक की मौत, पिता-पुत्र घायल
वहीं अपने पिता और दादा के साथ दवा लेने आ रहे करीब डेढ़ साल के एक बालक की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र घायल हो गए। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपी चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
सोमवार को हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मुंढाल निवासी रिंकल अपने करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र यश और अपने पिता चतर सिंह के साथ दवाई लेने बिजनौर आ रहे थे। गांव दारानगर के सामने पहुंचने पर उनकी बाइक अचानक ट्रक की चपेट में आ गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच घटनास्थल पर भीड़ लग गई। लोगों ने ट्रक को पकड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां के चिकित्सकों ने यश को मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
संदिग्ध हालात में झुलसा
ग्राम बरुकी निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया। ग्राम बरुकी निवासी मदन (35) संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मदन करीब 100 फीसदी झुलसा है।
सड़क हादसों में दो की मौत हुई, दो अन्य घायल
उधर, नूरपुर में भी सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
राजा का ताजपुर निवासी मंगल सिंह (68) सोमवार की दोपहर अपने पुत्र हेमराज सिंह उर्फ इद्दु के साथ बाइक द्वारा ग्राम गांवड़ी में अपनी रिश्तेदारी में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे गांव सुजातपुर टीकर के पास उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में मंगल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका पुत्र हेमराज गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार गांव खासपुरा ऊमरी निवासी अमन (14) पुत्र तौफीक अहमद को भी काफी चोटे आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनो घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनो को परिजन हायर सेंटर ले गए। मंगल सिंह की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है।
रविवार की रात ब्लॉक तिराहे के पास बाइक पर सवार गांव अहीरपुरा निवासी लोकेंद्र सिंह उर्फ नन्हे (25) की ट्रक की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। लोकेंद्र नूरपुर में ही फोटोग्राफी की दुकान करता था। रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। ब्लॉक के पास पहुंचा तो पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक के पहिए से कुचलकर लोकेंद्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतक लोकेंद्र के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच वर्ष पहले हुई थी लव मैरिज
रविवार की रात सड़क हादसे में मरने वाले लोकेंद्र ने पांच वर्ष पूर्व गांव अब्दुल्लापुर दहाना निवासी स्वाति से लव मैरिज की थी। दोनो के एक चार वर्ष का पुत्र है। लोकेंद्र की मौत से उसकी पत्नी स्वाति का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/