बिजनौर के गांव मकनपुर में नामकरण संस्कार की दावत के दौरान कार्यक्रम स्थल की दीवार गिर गई, जिसके नीचे दबकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव की संस्था आदर्श शिशु मंदिर की ओर से गांव में स्कूल बनवाया गया था। पांच-छह साल पहले स्कूल में पढ़ाई बंद करा दी गई थी। अब स्कूल भवन को किसी कार्यक्रम के लिए गांव वालों को किराए पर दे दिया जाता है। गुरुवार को गांव के तेजपाल सिंह की पौत्री का नामकरण था। स्कूल के भवन में ही दावत का कार्यक्रम था। गांव के ही ओमप्रकाश की 12 वर्षीय पुत्री सानिया भी दावत खाने गई थी। जैसे ही वह स्कूल के गेट पर पहुंची तो एक पिलर दीवार सहित उसके ऊपर गिर गया। सानिया मलबे के नीचे दब गई। ग्रामीणों ने ईंट और मलबा हटाकर किसी तरह छात्रा को बाहर निकाला। लेकिन सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।