परिजनों ने दुकानदार और उसके परिवार पर लगाया हत्या का आरोप
विपिन की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका आरोप है कि गांव में एक युवक से विवाद के दौरान दुकानदार और उसके परिजनों ने विपिन की गला घोंटकर हत्या कर दी।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और विपिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं थी। हत्या के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस बोली- शोर सुनकर भागते समय बेहोश होकर गिरा युवक
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सुहागपुर गांव में एक युवक की मौत का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विपिन अपने साथी गजेंद्र के साथ गांव में जा रहा था। इसी दौरान अचानक चोर-चोर का शोर मच गया।
सीओ के अनुसार, शोर सुनकर विपिन और उसका साथी भागने लगे। इसी दौरान विपिन बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।