बिजनौर जनपद के बढ़ापुर-शाहलीपुर कोटरा मार्ग पर आज सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में पिता पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। वहीं हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बिजनौर जनपद के बढ़ापुर-शाहलीपुर कोटरा मार्ग पर गांव नूरपुर अरब के पास दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में बाइक चालक पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
विज्ञापन
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव सादातपुर गढ़ी निवासी नफीस अहमद अपने पुत्र शाहरुख के साथ बाइक से बढ़ापुर आ रहा था। वहीं मंडावली थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर रतन निवासी सलीम व तहसीम बाइक से क्षेत्र के गांव उमरपुर बड़खेड़ा जा रहे थे। बढ़ापुर-शाहलीपुर कोटरा मार्ग पर गांव नूरपुर अरब के समीप गगन ईंट भट्टे के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव सादातपुर गढ़ी निवासी नफीस अहमद (50 वर्ष) व उसके पुत्र शाहरुख (22 वर्ष) और मंडावली थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर रतन निवासी तहसीम (35 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही घायल सलीम को उपचार के लिए सीएचसी नगीना में भर्ती कराया गया है। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।