थप्पड़ मारने की घटना के बार में डीएम को बताता युवक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बिजनौर में गंगा में नाव पलटने के 30 घंटे बाद गांव में पहुंचे भाजपा सांसद व विधायक का गांव वालों ने विरोध किया। गंगा में लापता एक महिला के बेटे की सांसद से नोकझोंक हुई तो सांसद ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे गांव वालों में रोष फैल गया। गांव वालों का गुस्सा बढ़ता देख सांसद वहां से खिसक गए। आक्रोशित गांव वालों ने डीएम व एसपी को मौके पर बुलवा लिया। अधिकारियों व विधायक को गांव में नीचे ही अपने बीच बैठा लिया। गंगा पार करते समय जान जोखिम में डालने की समस्या से निजात दिलाने व मृतकों के परिजनों को 20-25 लाख रुपये तक का मुआवजा दिलाने की मांग की। अधिकारियों ने गांव वालों को किसी तरह शांत किया।
गंगा में डूबी नगिनी देवी का शव शुक्रवार व मीना देवी का शव शनिवार को मिला। भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी करीब चार बजे गांव डेबलगढ़ पहुंची। आक्रोशित गांव वालों ने विधायक का घेराव कर लिया। विधायक ने कहा कि उनके ससुर राजेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंच गए थे। वे भी सुबह से ही खादर क्षेत्र में ही हैं। शाम को गांव में आई हैं। उन्होंने गांव वालों को किसी तरह शांत किया। इनके परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा चार चार लाख रुपये का चेक दिया जाना था। कुछ देर बाद ही सांसद भारतेंद्र सिंह राजस्व टीम के साथ चेक लेकर गांव पहुंचे। गांव वालों ने उनका भी विरोध किया। गांव वालों ने कहा कि वे 30 घंटे बाद आ रहे हैं। उन्हें वे हर बार वोट देकर जिताते हैं। गांव वालों ने सांसद का घेराव किया।