हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार दिनदहाड़े फाइनेंस कंपनी के एग्जीक्यूटिव से पौने चार लाख रुपये लूट लिए। गोली मारने की धमकी देते हुए लुटेरे वारदात के बाद शहर की तरफ ही फरार हो गए। मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने पहले घटना को संदिग्ध बताया, लेकिन बाद में लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कंकरखेड़ा नटेशपुरम निवासी प्रदीप कुमार कंकरखेड़ा स्थित रेडीएंट फाइनेंस कंपनी में एग्जीक्यूटिव है। प्रदीप ने बताया कि बुधवार को उसने गुरूनानक नगर, जीजी मॉल और कांशी गांव स्थित अपनी कंपनी के कैश कलेक्शन सेंटर से 3.75 लाख रुपये कैश कलेक्ट किया था।
कैश जमा कराने के लिए वह कांशी से यश बैंक की गढ़ रोड स्थित शाखा जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे जब वह परतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजली बंबा बाईपास पर पहुंचा तो रोडी प्लांट के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया।
एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और कैश से भरा बैग लूट लिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। लूट की सूचना पर एसपी सिटी, सीओ ब्रह्मपुरी के अलावा परतापुर, ब्रह्मपुरी और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की गई लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
संदिग्ध मानती रही पुलिस घटना
पुलिस ने प्रदीप से पूछताछ के आधार पर ही घटना को संदिग्ध बताना शुरू कर दिया। उसे शाम तक थाने में बैठाए रखा गया। एसओ से लेकर सीओ, एसपी सिटी और एसएसपी ने उससे पूछताछ की। वारदात को लेकर कई क्रॉस सवाल किए।
देर रात एसओ रण सिंह ने बताया कि प्रदीप ने कभी बदमाश दो तो कभी तीन बताए। प्लांट के मजदूरों ने ऐसी किसी घटना से इंकार किया। हालांकि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।