उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बाइक सवार जीजा-साले की शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। थाना हल्दौर के गांव नवादा तुल्ला निवासी संजीव कुमार पुत्र समर सिंह अपने जीजा संभल निवासी उमेश कुमार के साथ किसी काम से बाइक से बिजनौर आ रहे थ।
चांदपुर रोड पर छोइया नदी के पुल के पास उन्हें बिजनौर की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। भीषण हादसे में संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उमेश कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां उसकी भी मौत हो गई।
नवादा तुल्ला के रिंकू ने दोनों की शिनाख्त की। बिजनौर पहुंचे गांव वालों ने बताया कि छोईया नदी पर बना पुल बहुत संकरा है। इस पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और राहगीरों की जान जाती रहती है। बताया कि पुल को चौड़ा करने की मांग काफी समय से की जा रही है लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं देता है।
पुलिस के अनुसार संजीव और उमेश में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। अगर उन्होंने हेलमेट लगाया होता तो जान का नुकसान शायद नहीं होता।