- 50 से अधिक निजी कंपनियां होंगी, तीन हजार पदों पर होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साकेत में 17 जून को मंडल स्तर पर वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले रोजगार मेले में मंडल के छह जिलों के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। करीब तीन हजार रिक्त पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल के निर्देशन में होने वाले रोजगार मेले में मेरठ, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, (गौतमबुद्धनगर) और गाजियाबाद के आईटीआई, कौशल विकास मिशन और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना से प्रशिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां प्रतिभाग करेंगे। मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां शामिल होंगी और तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयन प्रक्रिया अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और उपलब्धियों के आधार पर पूरी की जाएगी।महिला अभ्यर्थियों, दिव्यांगजनों और गरीबी रेखा से नीचे की श्रेणी के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आईटीआई साकेत के प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक संजीव कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा जारी क्यूआर कोड स्कैन कर अपना पूर्व पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने युवाओं से बड़ी संख्या में रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है।