- सुभारती विश्वविद्यालय में हुआ विद्यार्थियों का विदाई समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज की ओर से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने विदा ले रहे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का शुभारंभ जयश्री और वैष्णवी ने सरस्वती वंदना से किया। फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज के डीन डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. सरताज अहमद, डॉ. मोनिका मल्होत्रा एवं डॉ. मनोज त्रिपाठी ने निरंतर सीखने, सकारात्मक सोच अपनाने और समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. तारक नाथ प्रसाद ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नैतिक मूल्यों के विकास की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विदाई के भावुक क्षणों में छात्रों ने अपने विश्वविद्यालय जीवन की यादें साझा कीं तथा शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. लवली, डॉ. कपिल, सजावट टीम और व्यवस्था टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विभाग की समन्वयक डॉ. किरन रानी पंवार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।