संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। फाइनेंस कपंनी के कलेक्शन एजेंटों से लूट मामले में बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान भागे भावनपुर थाना प्रभारी को एसएसपी ने सोमवार को लाइन हाजिर कर दिया। सात अगस्त को स्याल पचगांव अमर सिंह मार्ग स्थित पर चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर कलेक्शन एजेंट दीपक व उसके साथी अरुण से 64 हजार की नकदी व दो मोबाइल लूट लिए थे। शनिवार रात पुलिस की किनानगर हाईवे के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई थी।
बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस निवासी गांव भटीपुरा किठौर के पैर में गोली लग गई थी। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की ओर दौड़ पड़ी। भीड़ को देख इंस्पेक्टर कुलदीप अपनी टीम के साथ घायल बदमाश को छोड़कर घटना स्थल से निकल गए। हालांकि एक सिपाही ने साहस दिखाते हुए बदमाश को नहीं छोड़ा। ग्रामीणों की सिपाही के साथ धक्कामुक्की भी हुई। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो उन्होंने थाना प्रभारी पर कार्रवाई कर दी।
विजय कुमार राय को परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी बनाया
मेरठ। एसएसपी ने अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर विजय कुमार राय को परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी बनाया है। थाना किठौर में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम जितेंद्र सिंह को कोतवाली थाने का प्रभारी बनाया है। कोतवाली थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार को भावनपुर की जिम्मेदारी दी है।