मेरठ। शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी भारत भूषण शर्मा को प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद में सदस्य नियुक्त किया है। सोमवार को सात अन्य सदस्यों के साथ भारत भूषण शर्मा ने लखनऊ में पदभार ग्रहण किया। भारत भूषण ने बताया कि वह कई वर्षों से रंगमंच से जुड़े हैं। वर्तमान में स्वांगशाला एक्टिंग अकादमी के निर्देशक होने के साथ यूनाइटेड प्रोग्रेसिव थियेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष, संस्कार भारती मेरठ प्रांत के संयोजक नाट्य भी हैं।
वह कवि और लेखक भी हैं। शीघ्र ही उनका काव्य संकलन ''''मेरे गीत कुंवारे लौट चले'''' प्रकाशित होने वाला है। उन्होंने 100 से अधिक नाटकों में अभिनय और निर्देशन किया है। वह कई टीवी सीरियल में अभिनय कर चुके हैं। सामाजिक न्याय मंत्रालय में उप निदेशक पद से सेवानिवृत्त भारत भूषण को प्रतिष्ठित पंचानन पाठक स्मृति सम्मान, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, प्राइड ऑफ मेरठ सहित अन्य कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।