संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। चिंदौड़ी मार्ग स्थित नेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर लावड़ प्रीमियर लीग के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में भंडारी प्रमुख इंडियंस ने मोमिन अंसार क्रिकेट क्लब को रोमांचक मैच में हरा दिया।
सोमवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मोमिन अंसार क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन बनाए। टीम की ओर से संदीप भडाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 76 रन की शानदार पारी खेली। भंडारी प्रमुख इंडियंस की गेंदबाजी में विनीत कुमार और आदिल सैफी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भंडारी प्रमुख इंडियंस की टीम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। जावेद रजा ने 41 गेंदों में 60 रन की अहम पारी खेलते हुए टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। जबकि समीर ने 11 गेंदों पर 28 रन बनाकर मैच का रुख अपनी ओर कर दिया। टीम ने 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया। मोमिन अंसार क्लब की ओर से शगुन ने 2 विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए जावेद रजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।