संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। करीब डेढ़ माह पहले कूल्हा ट्रांसप्लांट कराने के दो दिन बाद हुई युवक की मौत के मामले में मुआवजा नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने ईवान हॉस्पिटल के बाहर धरना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि करीब डेढ़ माह बाद भी हॉस्पिटल की ओर से मुआवजा नहीं दिया गया।
बधाई कलां निवासी भोला नाम के युवक ने अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में भोपा रोड स्थित ईवान हॉस्पिटल में कूल्हा ट्रांसप्लांट कराया था। ऑपरेशन के बाद भोला की मौत हो गई थी। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 25 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग की थी। जांच और मुआवजे के आश्वासन पर तब धरना स्थगित कर दिया गया था।
मृतक के परिजन विक्की का आरोप है कि डेढ माह के बाद भी हॉस्पिटल की ओर से मुआवजा नहीं दिया गया। परेशान होकर फिर से धरना प्रारंभ कर दिया गया।
युवा भाकियू जिलाध्यक्ष नरेश पुंडीर ने बताया कि धरना जारी रहेगा। मांगे पूरी न होने तक धरना दिया जाएगा। इस मौके पर अंकित मलिक, गुलशन चौधरी, अंकुर राणा शामिल रहे। एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि वह मरीज की मौत के मामले की जांच कर रहे हैं लेकिन अभी पीड़ित पक्ष की ओर से आज तक बयान दर्ज नहीं कराए गए।