टोल प्लाजा पर भाकियू का हंगामा, बूम तोड़कर टोल फ्री कराया
मोदीपुरम। दिल्ली जंतर मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने सिवाया टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ कर टोल को फ्री करा दिया। लगभग आधा घंटे तक टोल फ्री रहा। भाकियू कार्यकर्ताओं की कंपनी अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह यूनियन कार्यकर्ताओं को दिल्ली के लिए रवाना किया।
सोमवार सुबह भाकियू के मुजफ्फरनगर, खतौली, दौराला, शामली, सहारनपुर के कार्यकर्ता सरकार द्वारा पारित किए गए अध्यादेश के विरोध में दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। वह सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे तो वाहन निकालने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद कार्यकर्ता उग्र हो गए और उन्होंने बूम तोड़कर हंगामा करते हुए वहां से निकलने वाले सभी वाहनों को फ्री कर दिया। हंगामे की सूचना पर टोल मैनेजर प्रदीप चौधरी मौके पर पहुंचे। उनसे कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक हंगामा चला। थाना प्रभारी दौराला करतार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह यूनियन कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत किया और उन्हें दिल्ली के लिए रवाना किया।
टोल प्लाजा मैनेजर प्रदीप चौधरी का कहना है कि टोल फ्री करने की कोई बात नहीं थी, लेकिन उन्होंने बूम तोडे़ और फिर वाहनों को निकाला। जिसकी सूचना पुलिस को दे दी है।
गन्ना भुगतान को लेकर किसानों ने दिया धरना
परतापुर। गन्ने का बकाया भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को दर्जनों किसानों ने मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल पर धरना दिया। अपराह्न मिल के जीएम ने किसानों से वार्ता करके खाते में पैसा ट्रांसफर करा दिया, जिस पर किसान मान गए। भाकियू नेता विजयपाल घोपला के नेतृत्व में दर्जनों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों से मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल पहुंचे और जीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। जीएम ने लखनऊ गन्ना भुगतान के बारे में बातचीत की। जीएम के अनुसार, गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 10 करोड़ रुपया आ गया है। जीएम शीशपाल और गन्ना सचिव सुनील कुमार ने किसानों को जानकारी दी कि दो दिन में बकाया गन्ने का भुगतान कर दिया जाएगा। इस मौके पर किसान विपिन चौधरी, राजकुमार राणा, सुंदर घोपला, हीनू चौधरी, महक सिंह, रघुवंश आदि मौजूद रहे।
25 अक्तूबर से गन्ने का पेराई सत्र होगा शुरू
परतापुर। मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल में 25 अक्तूबर से गन्ने का पेराई सत्र शुरू कर दिया जाएगा। सोमवार को धरना दे रहे किसानों को जीएम शीशपाल ने उक्त जानकारी दी।
कृषि अध्यादेशों का विरोध करने दिल्ली गए किसान
मेरठ। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि अध्यादेेेशों का विरोध करने के लिए दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर हुए भाकियू के धरने में जनपद के किसानों ने भी शिरकत की। भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी और संगठन मंत्री संजय दौरालिया के साथ दर्जनों किसान जंतर-मंतर पहुंचे। मनोज त्यागी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों अध्यादेश किसान विरोधी हैं। तीनों अध्यादेश व्यापारियों और कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाए हैं। देश के किसान इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। संजय दौरालिया ने बताया कि किसानों की भारी भीड़ ने सरकार को संदेश दे दिया है कि बिना किसानों को विश्वास में लिए तीनों अध्यादेश किसान सहन नहीं करेंगे। जब तक सरकार एमएसपी से कम कीमत पर फसल खरीदने वाले को जेल भेजने का कानून नहीं बनाती तब तक किसान अध्यादेशों को लागू नहीं होने देंगे। दिल्ली जाने वालों में सत्यवीर सिंह, राजकुमार करनावल, बबलू जिटौली, विनोद जिटौली, महकार सिंह, नवाब सिंह, टीटू सकौती आदि शामिल रहे।