भाकियू और युवा रालोद कार्यकर्ता थाने में धरने पर बैठे
सरधना। 15 दिन पूर्व गांव छुर निवासी युवक पर झिटकरी गांव के नजदीक हुए जानलेवा हमले के मामले में भाकियू और युवा रालोद के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर थाने में रोष जताया। इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए। थाना प्रभारी ने उन्हें एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम पांच बजे धरना समाप्त किया गया।
छुर निवासी एवं भाकियू नेता निक्की तालियान, तालान खाप के चौधरी सुधीर तालियान, युवा रालोद नेता संजय चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार को काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि छुर निवासी विपिन पुत्र जगमेहर 15 जुलाई को खतौली से छुर लौट रहा था। रात करीब साढे़ आठ बजे झिटकरी गांव के निकट पहुंचा तो अनंगपाल, हिमेंद्र पुत्र समरपाल व एक अन्य ने उसे रोककर मारपीट की तथा उस पर तमंचे से फायर किया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। भाकियू और युवा रालोद नेता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कोतवाली परिसर में दरा डालकर धरने पर बैठ गए। इस मौके पर धीरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, कुलदीप हुड्डा, अंकुर, विपिन, अनिल, नरेश आदि शामिल रहे।
थानाध्यक्ष बृजेश कुुमार ने उन्हें एक सप्ताह में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम पांच बजे धरना समाप्त कर दिया गया।