मेरठ। छावनी स्थित पीएम श्री (केंद्रीय विद्यालय) डोगरा लाइंस में सोमवार को मधुमक्खियों के झुंड ने छात्रों पर हमला कर दिया। खेल के पीरियड के दौरान अचानक हुए हमले में कई बच्चे घायल हो गए। बच्चों के चीखने-चिल्लाने से स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई और अभिभावक आनन-फानन में स्कूल पहुंचे।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, सोमवार को गेम्स पीरियड के दौरान शिक्षक तीसरी कक्षा के छात्रों को मैदान की ओर ले जा रहे थे। उसी दौरान मधुमक्खियों का एक झुंड वहां से गुजर रहा था। किसी छात्र के पत्थर फेंके जाने से मधुमक्खियां भड़क गईं और बच्चों की ओर मुड़ गईं। इस हमले में 20 से 30 बच्चों को मधुमक्खियों ने काट लिया। स्कूल के प्राचार्य सुचित्र कुमार सक्सेना ने बताया कि स्कूल परिसर में कोई मधुमक्खी का छत्ता नहीं है। मधुमक्खियों का झुंड संयोग से वहां से गुजर रहा था। हमले के बाद बच्चों को स्कूल के मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार दिया गया और अभिभावकों को सूचित कर बच्चों को उनके साथ घर भेज दिया गया।
प्राचार्य ने कहा कि कोई भी बच्चा गंभीर रूप से घायल नहीं है और सभी की स्थिति सामान्य है। पिछले कुछ समय में मेरठ में मधुमक्खियों के हमलों के मामले सामने आने के कारण अभिभावकों में पहले से ही चिंता थी, जिसके चलते वे तुरंत स्कूल पहुंचे।