सरधना। नवंबर माह में हैदराबाद में होने वाले महासम्मेलन की सफलता के लिए रविवार को जमात-ए-इस्लामी हिंद का जनसंपर्क कार्यक्रम नेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और तालीम हासिल करने पर बल दिया। अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष जमीरूद्दीन तथा संचालन जिलाध्यक्ष मुदस्सिर राणा व खुर्शीद अहमद ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि सचिव मोहम्मद शाकिर रहे।
कार्यक्रम में जमात-ए-इस्लामी हिंद के तरीके को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई। कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, नोएडा, मेरठ आदि जनपदों से लोगों ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस्लाम तीर और तलवार के दम पर नहीं, बल्कि अपने किरदार को दिखाने से फैला है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमीर हल्का मौलाना जमीरुल हसन ने कहा कि आज मुसलमान तालीम के मामले में सबसे पिछड़ा हुआ है। जिसे आगे लाने की जरूरत है। हाफिज अब्दुल कादिर ने कहा कि तालीम के बिना इंसान अधूरा है। डाॅ. वाकिफ हुसैन ने कहा कि जमात-ए-इस्लामी हिंद कौम को आगे बढ़ाने की मुहिम में लगी है। इसका मकसद लोगों तक पहुंचकर उन्हें जागरूक करने की जरूरत है। इसी मकसद से नवंबर माह में हैदराबाद में एक महासम्मेलन होगा।
कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष शफीक अहमद, बागपत जिलाध्यक्ष कोहीनूर, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष रशीद अहमद, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष मोइनुद्दीन ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर डाॅ. आदिल, डाॅ. अतिकुरहमान, मोहम्मद शकील अहमद, डा. वलीउर्रहमान, साजिद, मौलाना गुलजार, दिलशाद आदि मौजूद थे।