यूपी के मेरठ में एक युवक ने अपनी पत्नी को बंधक बनाकर पीटा और उसे सिगरेट से दागा। विरोध करने पर आरोपी ने बिजली की प्रेस से भी शरीर पर कई वार किए। साथ ही उस पर तेजाब डालने की कोशिश की। महिला ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गाजियाबाद के फरीदनगर निवासी महिला की शादी 12 साल पहले लिसाड़ी गेट के समर गार्डन निवासी साजिद के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करते हैं। मांग पूरी न होने पर पति और अन्य ससुरालिये मारपीट करते हैं। एक साल पहले भी युवक ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की कोशिश की थी। उसके बाद महिला अपने मायके चली गई। बाद में दोनों पक्षों में पंचायत बैठी। समझौता होने पर युवक पत्नी को अपने घर ले आया।
पढ़ें : SO की इन अश्लील हरकतों से महिला सिपाही तंग, SSP से कहा- इंसाफ नहीं मिला तो कर लूंगी खुदखुशी
महिला का आरोप है कि शनिवार रात उसके पति ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और उसकी हत्या की कोशिश की। बचाव करने पर आरोपी ने पांच साल के बच्चे को भी फर्श पर पटक दिया। बाद में पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंचकर जान बचाई। रविवार को पीड़िता थाने पहुंची और तहरीर दी। कहा कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो आरोपी पति उसकी हत्या कर देगा। महिला ने बच्चों की भी जान का खतरा जताया है।
पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने घर में तेजाब भी लाकर रख रखा था। उसने उसके ऊपर तेजाब डालने की कोशिश की। यदि पड़ोस के लोग नहीं पहुंचते तो उसका वह उसके ऊपर तेजाब डाल देता।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/