नाली विवाद में उखलीना और भदौड़ा में हुई मारपीट
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में बृहस्पतिवार की रात खडंजे की नाली के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। उखलीना गांव में हवाई फायरिंग की गई। हमले में दो लोग घायल हो गए। थाना पुलिस ने दोनों मामलोें में मुकदमा दर्ज कर लिया। एक मामले में दो लोगों को जेल भेज दिया।
गांव भदौड़ा में बृहस्पतिवार रात खडंजे की नाली बनाने को लेकर सचिन शर्मा पुत्र नीलम शर्मा व दूसरे पक्ष के धीरज शर्मा पुत्र ब्रह्मपाल शर्मा के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से मारपीट हो गई। झगड़े की सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले आई। शुक्रवार सुबह तक ग्रामीण दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के प्रयास में लगे रहे। जब बात नहीं बनीं तो पुलिस ने सचिन शर्मा व दूसरे पक्ष के धीरज शर्मा को जेल भेज दिया।
वहीं, क्षेत्र के गांव उखलीना में भी दो पक्षों विजयपाल और यशपाल के बीच खडंजे की नाली से पानी की निकासी को लेकर कहासुनी हो गई। यशपाल पक्ष के लोगों ने विजयपाल पक्ष पर सरियों, हाकी और तमंचों से हमला बोल दिया। जिसमें तमंचे की बट मारकर गौरव को घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में यशपाल की पत्नी कमलेश व पुत्र गौरव घायल हो गए। पीड़ितों ने अपना मेडिकल परीक्षण कराते हुए दूसरे पक्ष के वरुण, तरुण मोहित पुत्र यशपाल के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना पुलिस ने नामजदों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ सके।