दिल्ली-देहरादून और गंगा एक्सप्रेसवे पर नहीं चलेंगे कांवड़िये
-एडीजी भानु भास्कर ने जारी किया प्लान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली-देहरादून एनएच-58 और मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात 12 बजे से भारी वाहनों पर प्रतिबंध लग जाएगा। कांवड़ यात्रा पुराने पारंपरिक मार्ग से चलेगी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने मंगलवार को यातायात रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया।
एडीजी ने बताया कि आज रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक नहर पटरी मार्ग (चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग), एनएच-58 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा) पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मीरापुर (मुजफ्फरनगर) से गंगा बैराज (बिजनौर) मार्ग पर भी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बुधवार रात से 4 अगस्त तक मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार मार्ग पर हल्के एवं मध्यम वाहन टू-वे व्यवस्था से चलेंगे। दाहिनी लेन हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। वहीं 4 अगस्त से 12 अगस्त तक एनएच-58 पर हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में हल्के और मध्यम वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
एडीजी ने कांवड़ यात्रियों से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे का प्रयोग न कर पारंपरिक मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि इन दोनों नए एक्सप्रेसवे पर सभी प्रकार के वाहन दौड़ते रहेंगे। हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून के बीच चलने वाले भारी, मध्यम और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं के लिए विभिन्न जिलों के प्रवेश और निकास के साथ विस्तृत रूट मैप जारी किया है।
-