मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर में रविवार रात बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं की दूसरे वर्ग के आधा दर्जन युवकों ने पिटाई कर दी। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता लाठी डंडे लेकर पहुंच गए, जिससे सांप्रदायिक तनाव फैल गया। सोमवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भावनपुर थाने में हंगामा करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
भावनपुर थाना के गांव राली चौहान निवासी प्रिंस पुत्र सुखपाल सैनी व मनीष पुत्र विनोद सैनी बजरंग दल महानगर में कार्यकर्ता हैं। वह मेरठ में कोचिंग कर रहे हैं। दोनों ने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह कोचिंग करके घर जा रहे रहे थे। जब दोनों अब्दुल्लापुर चौराहे पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद अब्दुल्लापुर के दूसरे वर्ग के आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने उन्हें रोक लिया। कहा कि तुम बहुत धरना प्रदर्शन करते हो और थाने में जाते हो। जिसके बाद आरोपियों ने दोनों कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई की। धमकी दी कि इस चौराहे पर कभी दिन में भी कदम मत रख देना। इस दौरान वहां भीड़ लग गई तो आरोपी वहां से भाग निकले।
सोमवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भावनपुर थाने पहुंचकर एक नामजद और आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस को चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो इसकी जिम्मेदार पुलिस ही होगी। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के महानगर संयोजक गौरव गर्ग, बंटी बजरंगी, गोविंद सैनी, कृष्णा कश्यप, विवेक गर्ग आदि मौजूद रहे। सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया का कहना है कि पूरे मामले में जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।