संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। रेलवे रोड चौराहे पर रविवार देर रात बजरंग दल कार्यकर्ता विजय कुमार की पिटाई कर दी गई। इस घटना के बाद देहली गेट थाने में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पत्ता मोहल्ला निवासी विजय कुमार रेलवे रोड चौराहे से गुजर रहे थे। उन्होंने एक युवती को दो युवकों के साथ देखा। विजय ने युवती से पूछताछ की तो युवकों ने इसका विरोध किया। युवकों ने फोन कर अपने पांच-छह साथियों को बुला लिया। आरोप है कि इन लोगों ने विजय की जमकर पिटाई की। विजय ने बजरंग दल के महानगर अध्यक्ष हिमांशु शर्मा और पुलिस को सूचना दी।
देहली गेट थाना पुलिस युवती, उसके तीन साथियों और विजय को थाने ले आई। थाने पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद युवकों के पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। पुलिस ने युवती से पूछताछ की, उसके परिवार को बुलाया और आधार कार्ड जांच के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। विजय ने मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
-