यूपी में मनचलों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। यहां मनचलों से तंग आकर छात्राएं लगातार स्कूल छोड़ रही हैं। इसी तरह बागपत के रमाला क्षेत्र में सिरफिरों से आजिज आकर दो चचेरी बहनों ने स्कूल जाना छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रमाला थानाक्षेत्र के बूढ़पुर गांव में अनुसूचित जाति की दो चचेरी बहनों ने मनचलों से तंग आकर स्कूल जाना छोड़ दिया। छात्राओं के मुताबिक गांव के ही चार पांच युवक अक्सर स्कूल जाने व आने के दौरान युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। कुछ दिन पूर्व मनचलों ने दोनों बहनों का हाथ पकड़ने का दुस्साहस किया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों का कहना है कि वे इस संबंध में पुलिस से शिकायत कर चुके हैं कि लेकिन पुलिस जानकारी होने के बावजूद कोई कदम नहीं उठा रही। परिजनों के मुताबिक युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली है।