भाकियू तोमर के प्रयास से पीड़ित परिवार को मिली बड़ी राहत
- माई सिटी रिपोर्ट
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की पहल पर बागपत में दरिंदगी का शिकार हुई बच्ची के पीड़ित परिवार को प्रशासन से बड़ी राहत मिली है।एसपी सूरज राय और भाकियू (तोमर) के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक में परिवार की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। प्रशासन ने परिवार के लिए 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और अन्य लाभों की घोषणा की।
यहां रुड़की रोड स्थित सन सिटी में राष्ट्रीय सलाहकार इंदरजीत सिंह सांगवान के आवास पर पत्रकारों को राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने इसकी जानकारी दी। बताया कि पांच लाख रुपये का चेक जिलाधिकारी पहले ही दे चुके थे। एसपी के प्रयासों से 10 लाख रुपये और जिलाधिकारी से तीन लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। परिवार को प्रति माह तीन हजार रुपये पेंशन भी मिलेगी। सरकार ने चार बीघा जमीन का पट्टा भी आवंटित किया। बच्ची की पढ़ाई और शादी का खर्च सरकार उठाएगी। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में स्थानांतरित हुआ है।
तोमर ने बताया कि बागपत एसपी सूरज राय ने पीड़ित बच्ची को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बच्ची के इलाज का पूरा खर्च व्यक्तिगत रूप से उठाने की घोषणा की। संजीव तोमर ने एसपी और प्रशासन का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष देवेंद्र तोमर, सुमित उपाध्याय, राव सलीम, जसवीर राणा, शहजाद मलिक, अंशुल उपाध्याय, सुनील शर्मा,अमित जैन आदिपदाधिकारी मौजूद रहे।
-