बदायूं की घटना के बाद जागी पुलिस
दत्तनगर गांव के पूर्व प्रधान मलखान गिरी, संजय, दिनेश, गौरव, आदेश, विक्रम, दुर्गेश ने बताया कि गांव में बड़े स्तर पर पटाखे बनाने का काम चलता है। कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब बदायूं की घटना के बाद पुलिस जागी है। पुलिस के सर्च अभियान के कारण लाखों रुपये के पटाखे बरामद हुए।
पटाखों को लेकर हुआ था झगड़ा
दत्तनगर गांव में बुधवार की रात नौ बजे गाजियाबाद जनपद के भमेटा गांव निवासी तीन युवक पटाखे खरीदने के लिए थे। पटाखा व्यापारी मुन्ना से उनका विवाद हो गया। इसके बाद पटाखा व्यापारी ने युवकों की पिटाई कर दी थी। युवकों की रिश्तेदारी दत्तनगर गांव में होने के कारण काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। इस संबंध में घायल यवक पंकज ने पटाखा व्यापारी मुन्ना, जावेद, नाजिम, गोकल, सरफराज के खिलाफ बालैनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष महिपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पटाखों में चिंगारी भड़की तो कौन संभालेगा?
अकेला दत्तनगर गांव ही नहीं बल्कि जिले के कई गांवों के लोग बारूद के ढेर पर बैठे हैं। बड़ौत क्षेत्र में पटाखे बनाने का सबसे बड़ा कारोबार है। बड़ौत के तीरगिरान मोहल्ले में घर-घर पटाखे बनाए जाते हैं। इसके अलावा खड़खड़ी गांव के पास भी पटाखा बनाने की कई फैक्ट्रियां चल रही हैं। दोघट में भी पटाखे बनाए जाते हैं। इन फैक्ट्रियों में छोटे-छोटे बच्चे भी काम करते हैं। जिस कारण हर समय विस्फोट का खतरा बना रहता है। यह धंधा कई दशकों से चल रहा है, लेकिन आज तक पुलिस ने इन पर नकेल नहीं कसी। बड़ौत में बिजरौल रोड पर स्थित पटाखा फैक्ट्री में कई बार आग भी लग चुकी है। दीपावली पास आते ही पुलिस को पटाखे बनाने वालों की याद आने लगती है। इससे पहले कभी पटाखा फैक्ट्रियों को नहीं पकड़ा जाता। जिले में तीन माह पहले से ही दीपावली के लिए पटाखे बनाने शुरू कर दिए जाते हैं। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाकर अवैध रूप से चल रहे पटाखा फैक्ट्रियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों को किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा।
दत्तनगर से पटाखे ले जाते हैं कई जिलों के लोग
दत्तनगर गांव में घरों में पटाखे बनाकर उन्हें खेतों में दुकान लगाकर बेचा जाता है। गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली और यहां तक की दिल्ली के दुकानदार भी दत्तनगर से पटाखे ले जाते हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/