मौके पर पुलिस और नीचे क्षतिग्रस्त साइकिल व शरद का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बागपत में साइकिल सवार कक्षा सात के छात्र को स्कूल बस ने कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंपा। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा गया। पुलिस ने शव उठाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। दो घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
जिवाना गुलियान गांव निवासी शरद शर्मा (13) पुत्र सतवीर शर्मा एमजेएम पब्लिक स्कूल, जिवाना में कक्षा सात का छात्र था। शुक्रवार को छुट्टी होने के बाद छात्र साइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जब वह जिवाना गुलियान गांव के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने छात्र को कुचल दिया। हादसे के बाद छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क दुर्घटना के बाद बस चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। चालक की पिटाई की। ग्रामीणों ने चालक को पुलिस को सौंपा। पुलिस ने छात्र के शव को उठाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक छात्र के परिजन नहीं आ जाते हैं, तब तक शव को नहीं उठने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। छात्र की मां अनीता देवी, बहन शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।