मेरठ। एलपीजी की कमी से परेशान परिवारों ने पीएनजी की तरफ रुख किया तो यहां भी बैकलॉग खड़ा हो गया। प्रतिदिन सौ से 150 लोग पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं। चालू माह में अबतक तीन हजार से अधिक लोगों ने कनेक्शन के लिए आवेदन किए हैं। नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों की रसोई तक पीएनजी पहुंचाने की के लिए कंपनी के अधिकारी कम से कम दो माह का समय लगने की बात कह रहे हैं।
इस्राइल और ईरान युद्ध का सबसे अधिक असर एलपीजी पर पड़ा है। अभी तक भी एलपीजी की आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। गैस एजेंसियों पर सिलिंडरों के लिए उपभोक्ताओं की लाइनें लग रही हैं। सिलिंडरों की कमी के चूल्हे ठंडे हो रहे हैं। लोगों ने इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। भविष्य में एलपीजी की समस्या से बचने के लिए शहर के बड़ी संख्या में परिवारों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि आवेदन करने के बाद एक सप्ताह में पीएनजी कनेक्शन मिल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पीएनजी के लिए अधिक आवेदन आने के बाद गेल कंपनी के अधिकारियों के भी हाथ पांव फूले हुए हैं। इस संबंध में गेल गैस कंपनी के महाप्रबंधक विनय कुमार का कहना है कि कंपनी ने घरेलू और कॉमर्शियल गैस के कनेक्शन खोले हुए हैं। मार्च माह तक प्रतिदिन 40-50 लोग ही कनेक्शन के लिए आवेदन करते थे, लेकिन अब इनकी संख्या 100 से 150 तक पहुंच रही है। व्यवस्था के अनुसार ही कनेक्शन दिए जा रहे हैं। बैकलॉग बढ़ रहा है। ऐसे स्थान जहां पर आसानी से पाइप लाइन पहुंच सकती है या फिर पहले से है, उन क्षेत्रों के परिवारों को एक माह में और अन्य स्थानों पर दो माह में पीएनजी का कनेक्शन दिया जा सकता है।
ये है पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन की प्रक्रिया
गेल गैस कंपनी से पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को गेल गैस डॉट कॉम पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जिसमें उपभोक्ता को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, भवन का बैनामा, निर्धारित शुल्क आदि दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद कंपनी की टीम स्थलीय निरीक्षण करेगी। सत्यापन होने के बाद ही पीएनजी कनेक्शन जारी किया जाएगा। उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 0121- 2603559 और 0121- 2603560 पर फोन करके कनेक्शन की स्थिति जान सकते हैं।