चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में कुत्तों ने एक मासूम की जान ले ली। गली से गुजर रहे दो बच्चों पर हमला किया। एक बच्चा दौड़कर नजदीक के घर में घुस गया। जबकि, दूसरे चार साल के मासूम पर कुत्ते टूट पड़े। यही नहीं उसे खींचकर निकट के खेत तक ले गए। लोगों ने उसे छुड़ाया। परिजन इलाज के लिए दिल्ली लेकर पहुंचे, जहां मासूम को मृत घोषित कर दिया गया।
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के बहरा गांव निवासी जुल्फिकार, रटौल गांव में अपनी ससुराल में ढाई साल से परिवार के साथ रहता है। वह मजदूरी करता है। रविवार सुबह उसके दो बेटे पांच साल का कामिल और तीन साल का जुगनू उर्फ अज्जू चाय पीने के लिए दुकान से बिस्किट लेने के लिए जा रहे थे। रास्ते में खड़े कुत्तों ने उन दोनों पर हमला कर दिया। कामिल ने पड़ोस के एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। जबकि, जुगनू को कुत्ते खिंचकर पास में स्थित खेत में ले गए। वहां पर उस पर हमला कर बुरी तरह से काट डाला। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कामिल ने घर पर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, तो परिजन दौड़ पड़े। उनको जुगनू खेत में घायल अवस्था में पड़ा मिला। उस समय वहां पर कुत्ते मौजूद थे। परिजन घायल बच्चे को रटौल के निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। हालत गंभीर देख बच्चे को चिकित्सक ने दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, वहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।