चाचा की लाड़ली थी हिमानी
सिखेड़ा निवासी सुशील कुमार और लोकेश दोनों भाई एक साथ रहते थे। जून 2019 में लोकेश की कंचन से शादी हुई थी। लेकिन अभी तक कोई संतान नहीं थी। लोकेश अपने बड़े भाई की बेटी हिमानी के साथ ज्यादा समय बिताता था और उसे खूब प्यार करता था।
यह सब कंचन को अखरता था और वह नन्ही हिमानी से नफरत करने लगी थी। कई बार उसने हिमानी की पिटाई भी कर डाली थी। शनिवार को हिमानी अचानक घर से आंगन से गायब हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वायड की मदद से बच्ची का शव घर के स्लैब पर बोरों के बीच से बरामद कर लिया गया। बच्ची का शव मिलने के बावजूद आरोपी चाची मामले से अनभिज्ञता जताती रही लेकिन जब थाने लेजाकर पूछताछ की गई तो सब उगल दिया। वहीं आरोपी महिला का पति भी हैरत में था कि जिस बच्ची को वह अपने जिगर का टुकड़ा मानता था उसे कंचन मौत की नींद सुला देगी उसने कभी नहीं सोचा था। उधर बच्ची का शव देखकर माता पिता बदहवास हो गए।
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि कंचन के संतान नहीं थी, जबकि जेठ सुशील के तीन बच्चे थे। इसके चलते वह उनसे ईर्ष्या रखती थी। शनिवार को उसने बच्ची को घर ले जाकर तेज आवाज में टीवी चलाया और बच्ची की हत्या कर दी।