सरधना (मेरठ)। थाना सरधना क्षेत्र के एक गांव में एक मूक-बधिर विवाहिता के साथ यौन उत्पीड़न के प्रयास और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने थाना सरधना में तहरीर देकर आरोपी ससुर समेत अन्य पर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2017 में दो बहनों का विवाह सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो सगे भाइयों के साथ हुआ था। इनमें एक मूक बधिर है। आरोप है कि शादी के बाद से ही मूक बधिर विवाहिता पर उसके ससुर की गलत नजर थी। कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। बताया गया कि पूर्व में भी मामले को लेकर परिवार में विवाद हुआ था, जिसमें उसकी दूसरी बहू के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद से ही पीड़िता पर दबाव बनाया जा रहा था।
आरोप है कि 18 मार्च की रात आरोपी ससुर ने घर में अकेली विवाहिता के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर रखा और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन गांव पहुंचे और घायल अवस्था में उसे अपने साथ ले गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी गोपाल, अनुज, अंकित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।