- पीड़ित ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। सकौती के पास पांच जून को एक कार की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूर घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दौराला थाने पर दर्ज प्राथमिकी में मुजफ्फरनगर के रामनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कैलोरा निवासी सुनील ने बताया कि वह अपने साथी बृजेश के साथ 5 जून की शाम मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। दोनों मोदीपुरम उदय कुंज क्षेत्र से वापस जा रहे थे। सकौती के पास गोल्ड मंगलम मंडप के पास पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
आरोप है कि कार चालक मेघा खेड़ी, थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर निवासी सुनील नशे की हालत में वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। चालक ने खुद को यूपी पुलिस में बताया। हादसे के बाद आरोपी सुनील को बेहोशी की हालत में अपनी कार में बैठाकर ले गया। होश आने पर पीड़ित ने 112 पर सूचना देने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर आरोपी ने वाहन से नीचे फेंकने का भी प्रयास किया। बाद में आरोपी उसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास छोड़कर भाग निकला।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि कार नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।